छेड़खानी आरोपी की वजह से लोगों ने झरिया में थाने पर तोड़फोड़ की और मारपीट भी।

झरिया में थाने पर हमला, तोड़फोड़ और मारपीट भी हुई।B



झरिया के घनुडीह थाने पर गुरुवार की रात सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुषों ने हमला बोल दिया। वहां तैनात मुंशी, जमादार और जवान के साथ मारपीट और तोड़-फोड़ की गई। ओपी में रखी वर्दी भी आग के हवाले कर दी गई। ओपी की कुर्सियां, टेबल, एसी, सीसीटीवी कैमरा, बोर्ड, गेट, खिड़की, दरवाजा आदि क्षतिग्रस्त कर दिया। भीड़ ने टायर जलाकर रोड जाम कर दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
सूचना मिलने पर सिंदरी डीएसपी के नेतृत्व में पहुंची पुलिस ने हमला करने वालों पर लाठी चार्ज किया। खदेड़-खदेड़ कर पिटाई की गई। इस दौरान भगदड़ मच गई। राजेन्द्र दास नामक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की सूची तैयार की जा रही है। इस घटना के बाद से तनाव है। घटना के बाद सिटी एसपी पीयूष पांडेय ओपी में कैंप कर रहे हैं।
छेड़खानी के आरोपी की पिटाई से भड़के लोग
घनुडीह ओपी पुलिस ने छेड़खानी के आरोपी युवक सूरज भुईयां को चीनकोठी से गिरफ्तार किया था। आरोप है कि सूरज की पिटाई पुलिस ने की। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। झरिया के एक नर्सिंग होम में पुलिस ले गई। वहां स्थिति बिगड़ने पर पीएमसीएच रेफर किया गया। उसके बाद घनुडीह चीनकोठी हरिजन बस्ती के सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष, लाठी, डंडा आदि से लैस होकर धावा बोल दिया। उस समय ओपी में मौजूद जमादार मिथिलेश कुमार, मुंशी नवल यादव, जवान सूरज कुमार थे। सबको भीड़ ने पीटा।
देखते-देखते भड़क गया आक्रोश।
पहले गालीगलौज से मामला शुरू हुआ। देखते-देखते चीन कोठी के लोग काफी संख्या में पहुंच गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। मुंशी जान बचाने के लिए चहारदीवारी फांद कर भाग खड़ा हुआ। जवान सूरज कुमार की पिटाई लोगों ने कर दी। किसी तरह से जमादार मिथिलेश कुमार ने इसकी सूचना ओपी प्रभारी पीसी यादव और डीएसपी को दी। डीएसपी जोड़ापोखर में शांति समिति की बैठक कर रहे थे। खबर मिलते ही जोड़ापेाखर इंस्पेक्टर जयकिशन, झरिया इंस्पेक्टर उपेन्द्र नाथ राय, सर्किल इंस्पेक्टर बी भगत सहित सभी थाना को सूचित कर दिया। वहां पुलिस पहुंच गई। यहां पर ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक तांडव किया। किसी को फोटो नहीं खींचने दे रहे थे। यहां पहुंचते ही डीएसपी ने लोगों को चेतावनी दी। जब नहीं माने तो लाठी चार्ज कर दिया। भगदड़ में कई लोगों को चोटें आई हैं।
लोगों नेे आरोप लगाया।
लोगों का कहना था कि सूरज को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसकी पिटाई की गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई है। पुलिस निर्दयी हो गई है। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस पर कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे।
पुलिस का कहना था कि चीनकोठी निवासी अशोक भूईयां का पुत्र सूरज भूईयां वहीं की एक दसवीं की छात्रा को पिछले कई दिनों से तंग कर रहा था। गुरुवार को लड़की के पिता ने लिखित शिकायत की। कहा कि स्कूल में पढ़ने गई छात्रा के साथ गलत हरकत कर रहा था। स्कूल भेजने में भी डर लग रहा है। इसके बाद पुलिस सूरज को गिरफ्तार कर ला रही थी, तभी वह गिर गया। सिर में चोट आई। घायल होने पर उसे झरिया के प्रसाद नर्सिंग होम में ले जाया गया। जहां से बेहतर इलाज के लिए चिकित्सक ने पीएमसीएच रेफर किया। उसके साथ पिटाई नहीं की गई थी। बावजूद लोगों ने ओपी पर हमला बोला।
 मामले में आरोपी की गिरफ्तारी हुई थी। वह गश खाकर गिरा, इसलिए उसे चोट आई। पुलिस सीसीटीवी से उत्पात मचाने वालों की चिह्नित कर रही है। किसी को नहीं छोड़ेंगे। कड़ी कार्रवाई होगी। -मनोज रतन चोथे, एसएसपी, धनबाद

822 total views, 1 views today

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *