भाजपा कार्यकर्ता को रघुवर दास के स्वागत के लिए रोका गया।

धनबाद। मुख्यमंत्री रघुवर दास का स्वागत करने के लिए बरवाअड्डा हवाई अड्डा पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता और पुलिसकर्मियों में बकझक हुई। हवाई अड्डे में प्रवेश करने से रोके जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि कार्यकर्ता नहीं तो सांसद और विधायक क्या। कार्यकर्ताओं को समझाते हुए बाघमारा थानेदार महेश रजंन ने कहा कि वरीय पदाधिकारी के आदेश पर रोका जा रहा है। इसपर कार्यकर्ता नाराज होकर गेट के समक्ष बैठ गए।
पार्टी कार्यकर्ताओं के हंगामा के कारण विधायक ढुल्लू महतो और मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल आधे घंटे तक गेट के बाहर फंसे रहे। अफसरों ने दोनों गाड़ियों को अंदर करना चाहा, तो दर्जनभर की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता अंदर जाने लगे। इस क्रम में विधायक के बॉडीगार्ड ने भाजपा कार्यकर्ताओं से बदसलूकी की। इसके बाद प्रशासन के पदाधिकारियों ने दूसरे गेट पर उन्हें रोक दिया।
पार्टी कार्यकर्ताओं और पुलिस पदाधिकारियों में जमकर बहस हुई। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरता देख भाजपा कार्यकर्ता उत्साहित होकर गेट को जबरदस्ती ढकेल कर अंदर घुस गए, जिससे आपाधापी का माहौल रहा। इस कारण कई नेता और पार्टी कार्यकर्ताओं का गुलदस्ता हाथों में ही रह गया। मुख्यमंत्री करीब बारह बजे बरवाअड्डा हवाई अड्डे पहुंचे। उनके साथ शिक्षा मंत्री नीरा यादव और सचिव सुनील बर्णवाल थे। मौके पर भाजपा सांसद रवींद्र पांडेय, पीएन सिंह, विधायक फूलचंद मंडल, ढुल्लू महतो, राजकिशोर महतो, मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, सरिता श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, संजय झा, मुकेश पांडेय, इंद्रजीत महतो, धरनीधर मंडल, रामप्रसाद महतो, नीलकंठ रवानी, मोहन कुम्हार और सुजीत चौधरी आदि ने सीएम का स्वागत किया।

धनबाद से सरताज की रिपोर्ट।
छायाकार संतोष कुमार यादव।

363 total views, 1 views today

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *