मोदी जी ने कही बड़ी बात क्लिक करें और जाने।

NTL धनबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत संवाद’ के तहत धनबाद, बिलासपुर, बस्ती, मंदसौर और चितौड़गढ लोकसभा क्षेत्र के बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं के बीच लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए कहा कि 2019 में विजय प्राप्त करेंगे। नमो एप के जरिए संवाद करते हुए उन्होंने कांग्रेस के झूठ से तनिक भी विचलित न होने की नसीहत देते हुए कहा कि वे टोलियां बनाकर जनता के बीच जाएं और झूठ को बेनकाब करें।
प्रधानमंत्री ने इस दौरान राफेल डील का बगैर जिक्र किए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की तरफ से लगातार किए जा रहे हमले का जवाब दिया। हालांकि प्रधानमंत्री ने राहुल गांधी का नाम नहीं लिया लेकिन कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि काग्रेस के पास झूठ बोलने और दुष्प्रचार करने के अलावा कोई चारा नहीं है। जनता ने उसे नकार दिया। कांग्रेस सरकार के रूप में भ्रष्ट और विफल रही है। अब चार साल से नाकाम विपक्ष की भूमिका निभा रही है।
*भाजपा लाखों कार्यकर्ताओं की पार्टी :* झरिया के भाजपा कार्यकर्ता विरेंद्र भाई ठक्कर ने प्रधानमंत्री से कहा कि भाजपा सरकार अच्छा काम कर रही है। धनबाद जिला और नगर निगम क्षेत्र में भी अच्छा काम हो रहा है। लेकिन, कुछ लोग ऐसा माहौल बना रहें हैं कि चुनाव मुश्किल है? प्रधानमंत्री ने जवाब देते हुए कहा-ठक्कर भाई, आपने अपने सवाल का खुद जवाब दे दिया। विरोधी हमें पंसद नहीं करते। वह नहीं चाहेंगे कि भाजपा चुनाव जीते। भाजपा लाखों कार्यकर्ताओं की पार्टी है। ऐसा पहले नहीं था। कभी दो सीटें भी थी। तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने लोकसभा में ‘हम दो हमारे दो पार्टी’ कहकर मजाक उड़ाया था। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पंक्तियां-हार नहीं मानूंगा.. को दोहराते हुए कहा कि आप जैसे लाखों कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और जनता जर्नादन के आशीर्वाद से चुनाव जीतना संभव है।
*50 करोड़ लोगों की सेवा का लक्ष्य बड़ा :* आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा मजाक उड़ाए जाने का भी मोदी ने जवाब दिया। चंदनकियारी के भाजपा कार्यकर्ता सुदाम महथा ने मोदी से पूछा कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना है। यह कैसे सफल होगी? मोदी ने जवाब देते हुए कहा कि आपका शक स्वाभाविक है। 50-60 साल की सरकार का अनुभव बताता है कि ऐसे काम नहीं हुए। लेकिन, जैसे 5 करोड़ लोगों को गैस कनेक्शन दिया गया वैसे ही आयुष्मान भारत का लाभ 50 करोड़ को मिलेगा। लक्ष्य बड़ा है। सरकार ने बहुत सोच समझकर पूरी तैयारी के साथ योजना बनाई है। डाक्टर, नर्स, मेडिकल कॉलेज, आयुष्मान भारत स्वयं सेवक सब की व्यवस्था हो रही है। इस असंभव को हम संभव कर दिखाएंगे।
*नक्सली हिंसा में 20 प्रतिशत कमी:* मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ने सबका साथ सबका विकास के मंत्र के साथ समाज के हर वर्ग के विकास पर ध्यान केंद्रित किया है। देश की जनता के विश्वास से ही हमारी सरकार बड़े और कड़े फैसले ले पा रही है। नक्सल प्रभावित 36 जिलों में हिंसा में पिछले चार वषरें में लगभग 20 प्रतिशत की कमी आई है। 34 जिलों में 4500 किमी रोड बना है। आम लोगों का जीवन स्तर उठाने के लिए सरकार ने हर क्षेत्र में काम किया है। *उत्साह से लबरेज दिखे कार्यकर्ता:* प्रधानमंत्री के साथ संवाद के दौरान धनबाद लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता उत्साह से लबरेज दिखे। कार्यक्रम का समय 4.30 बजे थे। लेकिन, न्यू टॉउन हाल में कार्यकर्ता तीन बजे से ही जुटने लगे थे। प्रधानमंत्री ने जब धनबाद के कार्यकर्ताओं से मुखातिब हुए तो ऐसा लगा जैसे चुनावी सभा हो। कार्यकर्ता-मोदी.. मोदी.. का देर तक नारे लगाते रहें। प्रधानमंत्री ने संबोधन के दौरान सांसद पीएन सिंह, मंत्री अमर बाउरी, विधायक फूलचंद मंडल, राज सिन्हा, विरंची नारायण, संजीव सिंह और जिलाध्यक्ष राज सिन्हा का नाम लिया। हालांकि जेल में रहने के कारण संजीव सिंह कार्यक्रम में उपस्थित नहीं थे। इस मौके पर मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, भाजपा के जिला महामंत्री संजय झा, राम प्रसाद महतो, सोशल मीडिया सेल के विक्रांत उपाध्याय, दीपनारायण सिंह, मानस प्रसून, नितिन भंट्ट समेत बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता उपस्थित थे।

नेशनल टुडे लाइव

www.nationaltodaylive.com

Today live news (LLP)

538 total views, 1 views today

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *